धोखे से चली गोली से मची अफरा-तफरी, काशी विश्वनाथ मंदिर के पास पीएसी जवान की कार्बाइन हुई फायर, तीन लोग घायल

वाराणसी में ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा, जमीन से टकराकर उछली गिट्टियों से घायल हुए श्रद्धालु; जांच शुरू
वाराणसी (शिखर दर्शन) // काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 के पास शनिवार को ड्यूटी के दौरान पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोली किसी व्यक्ति को सीधे नहीं लगी, लेकिन जमीन से टकराने के बाद उछली गिट्टियां आसपास मौजूद तीन लोगों को लग गईं, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार मंदिर परिसर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन की व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई।
कैसे हुआ हादसा ?
जानकारी के अनुसार काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में 48वीं वाहिनी पीएसी के जवान अमरनाथ चौहान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उनकी कार्बाइन हाथ से फिसल गई, जिससे अनजाने में गोली चल गई। गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, बल्कि सड़क से टकराने के कारण गिट्टियां उछलकर आसपास खड़े तीन लोगों को लगीं, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि यह प्रथम दृष्टया एक आकस्मिक घटना प्रतीत हो रही है, फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित है तथा श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन का क्रम बिना किसी व्यवधान के जारी है।



