अखिलेश यादव ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से की मुलाकात, गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान देने की मांग पर हुई चर्चा

लखनऊ ( शिखर दर्शन ) // समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों, विशेषकर इटावा और मैनपुरी सहित कई क्षेत्रों का दौरा कर गौमाता की स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य इस विषय का स्थायी समाधान चाहते हैं, ताकि गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान मिल सके।
गौ संरक्षण पर गंभीर पहल की जरूरत
अखिलेश यादव ने कहा कि गौ संरक्षण और गौमाता के सम्मान का विषय अत्यंत गंभीर है। इस पर व्यापक चर्चा और ठोस पहल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों पर राजनीति के बजाय सार्थक प्रयास किए जाने चाहिए।
भाजपा पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत में सपा प्रमुख ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा समय-समय पर अपने राजनीतिक हितों के अनुसार विचार, सिद्धांत और नीतियां बदलती रहती है। आज के दौर में हर बयान और निर्णय का रिकॉर्ड उपलब्ध है, इसलिए जनता आसानी से समझ सकती है कि किसने कब क्या कहा और बाद में उससे कैसे पीछे हट गया।
शंकराचार्य ने दोहराई राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग
गौरतलब है कि बुधवार को लखनऊ पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गौमाता को “राष्ट्रमाता” घोषित करने की मांग दोहराई थी। उन्होंने कहा था कि सरकार को इस दिशा में निर्णय लेना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो जनता स्वयं इस विषय पर अपना निर्णय करेगी। शंकराचार्य ने गौ संरक्षण को सामाजिक और धार्मिक दायित्व बताते हुए लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।



