GPM कलेक्टर संतोष देवांगन हटाए गए, विजय दयाराम को मिली जिम्मेदारी, पांच आईएएस अधिकारियों के प्रभार बदले

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। इस फेरबदल में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को पद से हटाकर मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।
जीपीएम को मिला नया कलेक्टर
संतोष कुमार देवांगन को महज दो महीने पहले ही गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का कलेक्टर बनाया गया था। अब उन्हें मंत्रालय में नई जिम्मेदारी देते हुए स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं विजय दयाराम के. को जिले की कमान सौंपी गई है।
पांच आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव
महानदी भवन से जारी सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार वर्ष 2020 बैच के आईएएस अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार को महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद से हटाकर संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
अन्य अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
वर्ष 2021 बैच के आईएएस अधिकारी सुमित अग्रवाल, जो वर्तमान में दुर्ग नगर निगम के आयुक्त हैं, उन्हें अब छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। इस नियुक्ति के साथ रिमिजियस एक्का को इस पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
वहीं वर्ष 2023 बैच की आईएएस अधिकारी अनुपमा आनंद, जो वर्तमान में सरायपाली की अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हैं, उन्हें पदोन्नत करते हुए जिला पंचायत महासमुंद का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।


