राष्ट्रपति का मध्य प्रदेश दौरा आज से, मानसून पर नजर और हाईकोर्ट में अहम सुनवाई

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में गुरुवार का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और मौसम संबंधी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से पांच दिवसीय मध्य प्रदेश प्रवास पर आ रही हैं। इस दौरान वे इंदौर, बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित जनजातीय समाज के सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी। आगामी दिनों में वे अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह तथा कूनो नेशनल पार्क के कार्यक्रमों में भी शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह वीर गादी हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे। इसके बाद तिबोंडी तालाब, आईटी पार्क तथा शासकीय शारदा कन्या विद्यालय में आयोजित ‘स्कूल चले हम अभियान’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इंदौर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी भी करेंगे। भोपाल लौटने के बाद वे मंत्रालय में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।
निर्मला सप्रे प्रकरण पर हाईकोर्ट में सुनवाई
दमोह जिले की विधायक निर्मला सप्रे की सदस्यता को लेकर दायर याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि विधायक निर्मला सप्रे भाजपा के कार्यक्रमों में शामिल हुईं और पार्टी के पक्ष में प्रचार किया। इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग की गई थी। निर्णय नहीं होने पर मामला न्यायालय पहुंचा, जिस पर आज महत्वपूर्ण सुनवाई प्रस्तावित है।
मानसून की दस्तक का इंतजार जारी
प्रदेश में मानसून का इंतजार अभी और बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की प्रगति फिलहाल धीमी बनी हुई है और इसकी उत्तरी सीमा कई दिनों से लगभग एक ही स्थान पर स्थिर है। अनुकूल परिस्थितियां बनने पर मानसून 21 जून के आसपास आगे बढ़ सकता है, जबकि मध्य प्रदेश में इसके 25 जून तक प्रवेश करने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश तथा तेज हवाओं का दौर देखने को मिल रहा है।



