रायपुर संभाग

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का रायपुर दौरा: आचार्य पदारोहण समारोह में हुए शामिल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल से की मुलाकात

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गुरुवार को एक दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं।

रायपुर पहुंचने के बाद लोकसभा अध्यक्ष सीधे लोकभवन पहुंचे, जहां संक्षिप्त विश्राम के उपरांत वे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित आचार्य पदारोहण महोत्सव में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने संत समाज का अभिनंदन किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। यह समारोह जैन समाज के लिए ऐतिहासिक महत्व का माना जा रहा है।

कार्यक्रम संपन्न होने के बाद श्री बिरला पुनः लोकभवन लौटे। शाम के समय उन्होंने शांतिनगर स्थित विमतारा सभा स्थल पहुंचकर आयोजित सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया तथा विभिन्न प्रतिनिधियों से मुलाकात कर संवाद किया।

अपने रायपुर प्रवास के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने मौलश्री विहार स्थित सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निवास पर पहुंचकर सौजन्य भेंट भी की। इस दौरान विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उनका स्वागत करते हुए रायपुर आगमन पर आभार व्यक्त किया।

दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शाम को स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से निर्धारित विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे के दौरान राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही तथा प्रशासनिक अमला लगातार सक्रिय नजर आया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!