रिश्तों का कत्ल: छोटे भाई ने गैती से वार कर बड़े भाई को उतारा मौत के घाट

मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, बेमेतरा के ढारा गांव में वारदात से सनसनी; आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा (शिखर दर्शन) // जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढारा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आपसी विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की गैती से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रदीप साहू के रूप में हुई है। शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने गुस्से में आकर गैती उठा ली और बड़े भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में प्रदीप साहू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसकी मौके पर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह दोनों भाइयों के बीच हुआ आपसी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्षणिक आवेश और बढ़ते पारिवारिक विवाद किस तरह रिश्तों को खून से रंग रहे हैं। गांव में घटना के बाद शोक और स्तब्धता का माहौल है।



