वॉशिंग पाउडर की आड़ में चल रही थी नकली गुटखा फैक्ट्री, 12 हिरासत में

दुर्ग जिले में पुलिस-खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई, भारी मात्रा में गुटखा और मशीनें जब्त
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // जिले के अंडा थाना क्षेत्र में अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम कुथरेल और अंडा स्थित दो ठिकानों पर छापेमारी कर नकली गुटखा बनाने के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मौके से भारी मात्रा में गुटखा, पैकिंग मशीनें और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
वॉशिंग पाउडर यूनिट की आड़ में तैयार हो रहा था नकली गुटखा
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग वॉशिंग पाउडर निर्माण की आड़ में प्रतिबंधित और नकली जर्दायुक्त गुटखा तैयार कर बाजार में खपा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने दोनों ठिकानों पर दबिश दी, जहां गुप्त रूप से गुटखा निर्माण का काम चलता मिला।
60 किलो गुटखा और तीन पैकिंग मशीनें जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 10 बोरियों में भरा करीब 60 किलो अवैध गुटखा, तीन पैकिंग मशीनें तथा नकली गुटखा तैयार करने में उपयोग की जा रही सामग्री बरामद की है। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद गोदामों को सील कर दिया है।
पुराने गुटखा कारोबारियों से जुड़े मिले आरोपी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पकड़े गए कुछ आरोपी पूर्व में छत्तीसगढ़ के चर्चित अवैध गुटखा कारोबारी गुरूमुख जुमनानी की फैक्ट्री में काम कर चुके हैं। इसी अनुभव का उपयोग कर वे नकली गुटखा निर्माण का अवैध कारोबार संचालित कर रहे थे।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जब्त गुटखे के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच जारी, बढ़ सकती है कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बड़ी कार्रवाई होने की संभावना है।




