बस्तर संभाग

रफ्तार ने ली एक जान, दूसरी जिंदगी से जंग जारी

जगदलपुर में ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, बलौदाबाजार में अज्ञात वाहन की चपेट में आया बाइक सवार

जगदलपुर/बलौदाबाजार ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को राज्य के दो अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गीदम रोड पर दर्दनाक हादसा, महिला की मौके पर मौत

जगदलपुर के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत गीदम रोड मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

बलौदाबाजार में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

वहीं बलौदाबाजार जिले के रायपुर रोड स्थित शासकीय शराब दुकान के पास एक बाइक सवार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट आई है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस कर रही जांच

दोनों घटनाओं में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जगदलपुर में फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है, जबकि बलौदाबाजार में अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!