एक ही झटके में उजड़ गया परिवार: ईंट लदे ट्रैक्टर ने छीनी मामा-भांजे की जिंदगी

लक्ष्मणभांठा के पास दर्दनाक हादसा, मामा-भांजे की मौत; महिला की हालत गंभीर
सक्ति ( शिखर दर्शन ) // जिले के डभरा-खरसिया मुख्य सड़क मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार कोटमी गांव निवासी छोटेलाल बरेठ, संजू बरेठ और लीलावती बरेठ एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मणभांठा गांव के पास ईंट से भरे एक ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार संजू बरेठ और छोटेलाल बरेठ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
महिला की हालत गंभीर
हादसे में लीलावती बरेठ गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा ट्रैक्टर चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
गांव में शोक की लहर
एक ही हादसे में मामा-भांजे की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



