मेडिकल कॉलेज की तैयारियों पर कलेक्टर की सख्ती, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा को मिलेगी नई पहचान, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और अस्थायी परिसर का किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने गुरुवार को समीक्षा बैठक लेकर मेडिकल कॉलेज से जुड़े निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज जिले के लिए बड़ी उपलब्धि : कलेक्टर
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का संचालन जांजगीर-चांपा जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में भी गुणात्मक सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
अधोसंरचना और व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए आवश्यक अधोसंरचना, भवन निर्माण, शैक्षणिक सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि कॉलेज का संचालन निर्धारित समय पर शुरू किया जा सके।
जीएनएम भवन उन्नयन और विशेषज्ञ चिकित्सक की पदस्थापना पर जोर
कलेक्टर ने जीएनएम भवन के उन्नयन के लिए आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय जांजगीर में एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ की पदस्थापना के लिए राज्य स्तर पर आवश्यक पत्राचार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए मानव संसाधन और अधोसंरचना दोनों को मजबूत करना आवश्यक है।
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
बैठक के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कुटरा स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री का अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अस्थायी परिसर की तैयारियों का भी लिया जायजा
मेडिकल कॉलेज के अस्थायी संचालन के लिए प्रस्तावित लाइवलीहुड कॉलेज जांजगीर का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध अधोसंरचना, कक्षाओं, बुनियादी सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम सुब्रत प्रधान, चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. राकेश नहरेन, अस्पताल अधीक्षक डॉ. ए.आर. बेन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिता श्रीवास्तव, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक तथा सीजीएमएससी बिलासपुर संभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



