बिलासपुर संभाग

बेटी से शादी की जिद में खौल उठा खून: पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, फरार आरोपी पुलिस के शिकंजे में

विवाह के प्रस्ताव को लेकर चल रहा था विवाद, गिरफ्तारी से बचने भागा तो खुद हुआ घायल

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर के कुंदकुंद क्षेत्र में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी पीड़ित की बेटी से शादी करना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने युवती के पिता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

घर के बाहर बैठे पिता पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक घायल मोहिद्दार माणिकपुरी (46) पिता लोबलदास माणिकपुरी मूल रूप से कबीरधाम जिले के ग्राम रामपुर कुंडा के निवासी हैं। वर्तमान में वे मजदूरी के सिलसिले में बिलासपुर के कुंदकुंद क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे वे घर के बाहर अपनी बाइक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी शालिक मरावी वहां पहुंचा और अचानक चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में मोहिद्दार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी शालिक मरावी पीड़ित की पुत्री से विवाह करना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पुलिस को देखकर भागा, लेकिन किस्मत ने नहीं दिया साथ

लगातार तलाश के बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन जल्दबाजी में वह स्वयं गिर पड़ा और उसके पैर में गंभीर चोट लग गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

क्षेत्र में फैली दहशत, आरोपी पर कार्रवाई शुरू

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी जल्द गिरफ्त में आ गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!