बिलासपुर संभाग

भरोसे के रिश्ते हुए शर्मसार: पति की मौत के बाद विधवा भाभी पर टूटा देवरों का कहर, दो पर दुष्कर्म का मामला दर्ज

पति की मौत के बाद अकेलेपन का फायदा उठाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किए दो अलग-अलग अपराध

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक विधवा महिला ने अपने ही दो देवरों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

पति की मौत के बाद महिला को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार पीड़िता के पति का करीब 10 वर्ष पहले निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद महिला अकेले जीवन व्यतीत कर रही थी। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके रिश्ते में लगने वाले दो देवरों ने अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पहले भी कानूनी कार्रवाई के लिए प्रयास कर चुकी थी, लेकिन विभिन्न कारणों से मामला आगे नहीं बढ़ सका।

एक वर्ष तक संपर्क नहीं हो पाया

गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि पीड़िता द्वारा पूर्व में आवेदन दिया गया था, लेकिन इसके बाद वह करीब एक वर्ष के लिए अन्य स्थान पर चली गई थी। शिकायत में दर्ज मोबाइल नंबर भी बंद या गलत मिल रहा था, जिससे पुलिस उससे संपर्क नहीं कर सकी।

उन्होंने बताया कि महिला के वापस आने और उपलब्ध होने के बाद तत्काल उसकी शिकायत पर कार्रवाई की गई।

दो अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज

पुलिस के अनुसार महिला की शिकायत में वर्णित दोनों घटनाएं अलग-अलग समय, अलग परिस्थितियों और अलग व्यक्तियों से संबंधित हैं। इसी कारण भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!