CM डॉ. मोहन का कश्मीर दौरा, भोपाल में संगत आर्टिस्ट मीट का आयोजन, जानें आज क्या कुछ रहेगा खास ?

जम्मू-कश्मीर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे मुख्यमंत्री, राजधानी में कला और ज्योतिष से जुड़े आयोजन
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav आज जम्मू-कश्मीर दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह जम्मू पहुंचेंगे और वहां से श्रीनगर के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री गुलमर्ग और श्रीनगर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम को भोपाल लौटेंगे।
गुलमर्ग और श्रीनगर में रहेंगे व्यस्त
मुख्यमंत्री सुबह जम्मू एयरपोर्ट पहुंचने के बाद श्रीनगर के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वे गुलमर्ग में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दोपहर में श्रीनगर स्थित लोकभवन में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शाम को श्रीनगर एयरपोर्ट से भोपाल के लिए रवाना होंगे। शाम को मुख्यमंत्री निवास पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है।
भोपाल में होगा ‘संगत’ आर्टिस्ट मीट
राजधानी भोपाल में शनिवार को कलाकारों के लिए ‘संगत’ आर्टिस्ट मीट का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 7 बजे चूनाभट्टी स्थित छतनारा आर्ट होम में होगा। आयोजन का उद्देश्य कलाकारों को एक मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें और रचनात्मक संवाद स्थापित कर सकें। कार्यक्रम में लाइव प्रस्तुति, कला चर्चा और विचार-विमर्श भी होगा।
अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर कल निकलेगी शोभायात्रा
लोकमाता Ahilyabai Holkar की 301वीं जयंती के अवसर पर 31 मई को शाम 5 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार राजधानी भोपाल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे।
अपंजीकृत संस्थानों की जानकारी देने की अपील
श्रम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे “श्रम प्रहरी” बनकर अपंजीकृत संस्थानों और निर्माण स्थलों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
वुमेन्स एस्ट्रोलॉजिकल कॉन्क्लेव आज
भारतीय ज्ञान परंपरा और ज्योतिष शास्त्र पर केंद्रित ‘वुमेन्स एस्ट्रोलॉजिकल कॉन्क्लेव’ का आयोजन आज मालवीय नगर स्थित रत्नवाला सभागार में किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे से शुरू होने वाला यह कार्यक्रम शाम 6 बजे तक चलेगा। इसमें ज्योतिष विषय पर शोध, विचार-विमर्श और संवाद के विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे।



