बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन जारी, गर्मी से मिलेगी राहत, कई इलाकों में आज बारिश का अलर्ट

नौतपा के बीच बदला मौसम, उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में आई गिरावट
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // नौतपा के बीच छत्तीसगढ़ के मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों के चलते लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। इन इलाकों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि प्रदेश के मध्य भागों में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई जिलों में हुई बारिश
शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर वर्षा सुकमा में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जगदलपुर, तोंगपाल और दरभा में 3 सेंटीमीटर, तोकापाल में 2 सेंटीमीटर तथा कोंडागांव, कोंटा, भानपुरी, लोहांडीगुड़ा, अंबिकापुर और सरगुजा में 1 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
मौसम प्रणालियों के असर से बढ़ी बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार एक द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से आंतरिक ओडिशा तक राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए विस्तारित है। वहीं पूर्व-मध्य एवं दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ भी प्रभावी बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
आज गरज-चमक, अंधड़ और वज्रपात के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। सभी संभागों में कहीं-कहीं तेज अंधड़ और वज्रपात की भी संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में और गिरावट आने के संकेत हैं।
इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा वर्षा होने की संभावना जताई है।
रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चल सकता है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

