रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री साय से केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने की मुलाकात… रायपुर नगर निगम की महापौर परिषद की बैठक आज… सूरजपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी… पढ़ें और भी खबरें

खनन, ऊर्जा और औद्योगिक विकास के मुद्दों पर हुई अहम चर्चा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मंत्रालय महानदी भवन स्थित उनके कार्यालय में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा, खनिज क्षेत्र के विस्तार तथा आधारभूत संरचना विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में राज्य में कोयला उत्पादन बढ़ाने, खनन क्षेत्रों में बुनियादी अधोसंरचना को मजबूत करने, रेल एवं परिवहन संपर्क के विस्तार तथा औद्योगिक गतिविधियों को गति देने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, कोयला गैसीकरण, सौर ऊर्जा विकास और खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से निवेश एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और केंद्र सरकार के सहयोग से ऊर्जा, खनन एवं औद्योगिक विकास के क्षेत्र में राज्य तेजी से नई संभावनाओं की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करते हुए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

महापौर परिषद की बैठक आज

महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में नगर निगम की महापौर परिषद की बैठक 27 मई को प्रातः 11:30 बजे महात्मा गांधी सदन स्थित परिषद कक्ष में आयोजित होगी। बैठक में निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त, जोन आयुक्त, विभाग प्रमुख अधिकारी एवं परिषद सदस्य मौजूद रहेंगे।

बैठक में पंद्रहवें वित्त आयोग मद से प्राप्त राशि के उपयोग, सड़क डामरीकरण संबंधी प्रस्ताव, निगम कर्मचारी अधिकारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति तथा गरीबों के पेंशन प्रकरणों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।

जिला उपाध्यक्ष पर शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज, कांग्रेस का प्रदर्शन जारी

सूरजपुर में जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की जा रही है, जिसके विरोध में आंदोलन किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों में किसी एक थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। वहीं बुधवार को सभी जिलों में कांग्रेस थानों के सामने अनशन भी किया जाएगा।

शहर में आज के कार्यक्रम

छत्तीसगढ़ सिक्ख ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसियेशन द्वारा खालसा स्कूल पंडरी में सुबह 10 बजे से सिक्ख विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। भारतीय योग संस्थान रायपुर शाखा द्वारा भैरव सोसायटी स्थित योग परिवार प्रांगण में सुबह 6 बजे से निःशुल्क योग प्रशिक्षण होगा। महाकोशल कला परिषद द्वारा घड़ी चौक स्थित महाकोशल कला दीर्घा में शाम 5 से 7 बजे तक कला प्रदर्शनी “मेरी मां” आयोजित की जाएगी।

श्रीगिरिराज मंदिर ट्रस्ट द्वारा बूढ़ापारा स्थित मंदिर में परमानंद महोत्सव के अंतर्गत सुबह 10 बजे से दुग्धाभिषेक एवं वेदोक्त पाठ तथा रात्रि 8 से 9 बजे के मध्य विशेष मनोरथ के साथ श्रृंगार दर्शन होंगे। वहीं गुरुद्वारा गुरु सिंघ सभा स्टेशन मार्ग द्वारा लंगर भवन में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक ग्रीष्मकालीन कक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!