मोदी सरकार के 12 वर्ष: मुख्यमंत्री साय बोले- पीएम मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास और विश्वास की नई धारा

‘प्रधान सेवक’ के रूप में सेवा, सुशासन और अंत्योदय को समर्पित रहे 12 साल, सीएम साय ने दी बधाई
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी, निर्णायक और जनकेंद्रित नेतृत्व में भारत ने सेवा, सुशासन, आत्मनिर्भरता और विकास के नए युग में प्रवेश किया है।
सेवा, सुशासन और अंत्योदय को बताया मोदी सरकार की पहचान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शासन की कार्यशैली और सोच दोनों को बदलते हुए सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना को केंद्र में रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य हमेशा यह सुनिश्चित करना रहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
साय ने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित और जनजातीय समाज के उत्थान का जो संकल्प प्रधानमंत्री मोदी ने लिया था, उसका सकारात्मक प्रभाव आज देश के कोने-कोने में दिखाई दे रहा है।
भारत ने वैश्विक स्तर पर हासिल की नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर आत्मविश्वास, सुरक्षा और प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक समावेशन जैसे क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 का संकल्प अब जनभागीदारी और व्यापक विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व विशेष रूप से प्रेरणादायी रहा है। दशकों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में अब विकास, विश्वास और जनकल्याण की नई धारा दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी, बैंकिंग सेवाओं और शासकीय योजनाओं की पहुंच दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक सुनिश्चित हुई है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से बदली लोगों की जिंदगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, जन-धन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने गरीबों, किसानों, मातृशक्ति, युवाओं और जनजातीय समाज के जीवन में आशा, सम्मान और आत्मविश्वास का नया संचार किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच ने शासन व्यवस्था को अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाया है।
‘सबका साथ-सबका विकास’ को बताया विकास का आधार
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को केवल नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे शासन और नीति का आधार बनाया। यही कारण है कि आज देश विकास और सामाजिक समावेशन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने दोहराई प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।



