रायपुर संभाग

दिल्ली से लौटेंगे CM साय, शाम को होगी अहम कैबिनेट बैठक

रामभद्राचार्य पर चरणदास महंत के तीखे बयान से गरमाई सियासत, राजधानी में कई धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन आज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे से वापस रायपुर लौटेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर करीब 1 बजे दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और शाम 4:15 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास जाएंगे।

साय कैबिनेट की बैठक आज, कई अहम फैसलों की उम्मीद

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार शाम 6 बजे मंत्रालय में कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे से लौटते ही बुलाई गई इस बैठक को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि सरकार की ओर से बैठक का आधिकारिक एजेंडा जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि सुशासन तिहार अभियान, जनहित योजनाओं की समीक्षा और आम लोगों को राहत देने वाले कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।

रामभद्राचार्य पर चरणदास महंत का हमला, संत समाज में नाराजगी

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने स्वामी रामभद्राचार्य और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री को लेकर विवादित बयान देते हुए कहा कि वे रामभद्राचार्य को जगद्गुरु नहीं मानते। उन्होंने आरोप लगाया कि रामभद्राचार्य भाजपा के प्रचारक की भूमिका निभा रहे हैं और धार्मिक मंचों से भाजपा का प्रचार कर रहे हैं।

महंत ने यह भी कहा कि “ज्ञान के माध्यम से लोगों को ठगने वाले बाबा लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।” उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी ऐसे आयोजनों से दूरी बनाने की सलाह दी।

रामभद्राचार्य ने मंच से किया पलटवार

इधर चिरमिरी में आयोजित कथा कार्यक्रम के दौरान स्वामी रामभद्राचार्य ने भी नेता प्रतिपक्ष के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और संत समाज का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। महंत के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है।

राजधानी में आज होंगे कई धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन

कला प्रदर्शनी ‘मेरी मां’

महाकोशल कला परिषद द्वारा घड़ी चौक स्थित महाकोशल आर्ट गैलरी में शाम 5 बजे से 7 बजे तक कला प्रदर्शनी “मेरी मां” का आयोजन किया जाएगा।

परमानंद महोत्सव

बूढ़ापारा स्थित श्रीगिरिराज मंदिर में परमानंद महोत्सव के तहत सुबह 10 बजे दुग्धाभिषेक और वेदोक्त पाठ होगा। रात 8 से 9 बजे के बीच विशेष मनोरथ एवं श्रृंगार दर्शन आयोजित होंगे।

समर क्लासेस

स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के लंगर हॉल में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक समर क्लासेस आयोजित की जाएंगी।

श्रीशिव महापुराण कथा

लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण में राधा रासबिहारी शरण महाराज के मुखारविंद से श्रीशिव महापुराण कथा का आयोजन सुबह 9 बजे से होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!