गर्मी से हाहाकार! राजनांदगांव 46 डिग्री पर तपाया, 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी

अगले पांच दिनों तक नहीं मिलेगी राहत, रायपुर-बिलासपुर समेत कई जिलों में लू का खतरा बढ़ा
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना हुआ है और उत्तर-पश्चिम से लगातार आ रही गर्म हवाओं ने तापमान को खतरनाक स्तर तक पहुंचा दिया है। शनिवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 46 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्र में 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक छत्तीसगढ़ होते हुए एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका बनी हुई है। इसके चलते प्रदेश में उत्तर-पश्चिम दिशा से गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव लगातार बना हुआ है, जिससे अधिकतम तापमान में वृद्धि का क्रम जारी है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद ही लोगों को कुछ राहत मिलने के संकेत हैं। प्रदेश में रविवार को भी मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
जिन जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है उनमें बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई शामिल हैं।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में दर्ज अधिकतम तापमान की बात करें तो रायपुर में 44.3 डिग्री, बिलासपुर में 44.5 डिग्री, पेंड्रा में 41.6 डिग्री, अंबिकापुर में 41.7 डिग्री और जगदलपुर में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर के लिए मौसम विभाग ने रविवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। शहर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।


