रायपुर संभाग

दिल्ली में जनजाति सांस्कृतिक समागम में शामिल होंगे सीएम साय, आज कई अहम कार्यक्रमों पर रहेगी नजर

युवा कांग्रेस चुनाव कार्यक्रम का ऐलान, UPSC प्रीलिम्स परीक्षा और सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों से व्यस्त रहेगा दिन

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली प्रवास का रविवार को दूसरा दिन है। मुख्यमंत्री आज दिल्ली में आयोजित जनजातीय सांस्कृतिक समागम में शामिल होंगे। बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य संबोधन देंगे। दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित इस समारोह में देशभर से जनजातीय समाज के प्रतिनिधि और सांस्कृतिक दल भाग लेंगे। मुख्यमंत्री साय अपने दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा करेंगे।

इधर राजधानी रायपुर में सतनामी समाज द्वारा विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री गुरु खुशवंत साहेब करेंगे। मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में फरवरी माह में निकली पदयात्रा में शामिल पदयात्रियों का सम्मान किया जाएगा।

प्रदेश की राजनीति में भी रविवार का दिन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा आज की जाएगी। राजधानी स्थित राजीव भवन में सुबह 11 बजे आयोजित पत्रकार वार्ता में दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, युवा कांग्रेस प्रभारी अमित पठानिया, सह प्रभारी मोनिका मांडरे, प्रदेश चुनाव अधिकारी जसप्रीत सिंह और प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा मौजूद रहेंगे।

वहीं संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा रविवार को आयोजित की जा रही है। रायपुर और बिलासपुर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। राजधानी रायपुर के 22 केंद्रों पर 8 हजार 449 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।

इसके अलावा राजधानी रायपुर में रविवार को कई सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में शाम 6 बजे ‘बेटी अभिभावक गौरव सम्मान’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महाकोशल कला परिषद की ओर से ‘मेरी मां’ कला प्रदर्शनी का आयोजन घड़ी चौक क्षेत्र में शाम 5 बजे से होगा। मैत्री नगर स्थित वधवा हॉस्पिटल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा।

देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला धाम परिसर में अम्मा चोले वाली वर्सी महोत्सव की तैयारी को लेकर आम सभा की बैठक रखी गई है। वहीं कृष्ण मित्र फाउंडेशन द्वारा टिकरापारा के सरजूबांधा मुक्तिधाम परिसर में सुबह 8 बजे से श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!