लिव-इन रिश्ते का खूनी क्लाइमेक्स

शादीशुदा प्रेमी पर भड़की युवती, थाने में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा; वायरल हुआ मारपीट का VIDEO
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रेम संबंध, लिव-इन रिलेशनशिप और पारिवारिक विवाद के बीच शुरू हुआ झगड़ा उस वक्त बेकाबू हो गया, जब लिव-इन में रह रही युवती ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मामला सीधे सकरी थाना पहुंच गया, जहां देर रात तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक कुदुदंड निवासी सुरेंद्र पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार से अलग होकर सकरी स्थित अटल आवास में दूसरी युवती के साथ रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और साल 2024 से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। इस दौरान उनकी एक सात महीने की बेटी भी हुई।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में युवती ने युवक पर हमला कर दिया। हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना लेकर गई। थाना परिसर में भी दोनों के बीच जमकर बहस और हंगामा होता रहा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, जिसके बाद स्टाम्प पेपर पर समझौता कराया गया।

समझौते के मुताबिक दोनों अब अलग-अलग रहेंगे। सात महीने की बच्ची अपनी मां के साथ रहेगी। हालांकि समझौते के बाद भी थाने में काफी देर तक विवाद और हंगामा चलता रहा।
इस बीच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में युवती थाना परिसर में युवक की पिटाई करती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष आपसी विवाद के चलते थाने पहुंचे थे और बाद में उन्होंने समझौता कर लिया। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं वायरल वीडियो की जांच कर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।



