सीधी हादसे पर मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान

शॉर्ट सर्किट से 3 मासूमों की दर्दनाक मौत, CM डॉ. मोहन यादव ने दिए 6-6 लाख रुपए सहायता राशि के निर्देश
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // सीधी जिले के ग्राम कसिहवा में हुए दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने घटना को अत्यंत हृदय विदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और मृतक बच्चों के परिजनों को 6-6 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बघवारी अंतर्गत ग्राम कसिहवा में शनिवार सुबह करीब 11:20 बजे बिजली के पोल में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग तेजी से रामरतन साकेत के घर तक पहुंच गई, जिससे घर में मौजूद तीन मासूम बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसे में कुमारी घुम्मु उर्फ संध्या साकेत (6 वर्ष), रिद्धि (करीब डेढ़ वर्ष) और नागेंद्र (3 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार राज्य सरकार की ओर से मृतक बच्चों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी, जबकि मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की ओर से 4-4 लाख रुपए की राहत राशि प्रदान की जाएगी। इस तरह प्रत्येक परिवार को कुल 6 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिलेगी।
इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार के लिए 5-5 हजार रुपए तथा जिला रेडक्रॉस सोसायटी सीधी की ओर से 20-20 हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि भी परिजनों को उपलब्ध करा दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ईश्वर से दिवंगत मासूमों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।



