मौसम का डबल अटैक

उत्तर और मध्य भारत में ‘भीषण लू’ का कहर, दक्षिण और पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट; IMD ने जारी की देशव्यापी चेतावनी
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // देश इस समय मौसम के दो चरम रूपों का सामना कर रहा है। एक तरफ उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत भीषण गर्मी और खतरनाक लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 6 से 7 दिनों के लिए देशभर में व्यापक मौसम चेतावनी जारी की है।
उत्तर भारत तप रहा, कई राज्यों में ‘सीवियर हीट वेव’ का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 28 मई तक भीषण लू का असर बना रहेगा। पश्चिम राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में 24 से 27 मई के बीच ‘सीवियर हीट वेव’ की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ेगा। पूर्वी यूपी और पूर्वी एमपी में हालात ज्यादा गंभीर रहने की संभावना जताई गई है।
छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना में भी 26 मई तक लू चलने का अनुमान है। ओडिशा में दिन के साथ रात का तापमान भी सामान्य से काफी अधिक रहने वाला है। बिहार में 24 मई तक लू का असर रहेगा, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भी 26 से 28 मई के बीच गर्म हवाएं परेशान करेंगी।
दक्षिण और पूर्वोत्तर में बारिश का कहर
जहां उत्तर भारत तप रहा है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर जारी है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 मई तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 23 से 25 मई के बीच अत्यंत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।
केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में रिकॉर्ड तोड़ बारिश की संभावना है। केरल और कर्नाटक के अंदरूनी इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
पूर्वी और पश्चिमी भारत में भी मौसम का असर
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार और झारखंड में 24 और 25 मई को तेज आंधी और थंडरस्कॉल की स्थिति बन सकती है। गंगा के मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
ओडिशा में ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चल सकती है।
IMD की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भीषण गर्मी और लू के दौरान दोपहर में बिना जरूरी काम के बाहर न निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। वहीं भारी बारिश वाले क्षेत्रों में लोगों को जलभराव, तेज आंधी और बिजली गिरने जैसी घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



