महाकाल की नगरी में दिखी सितारों की आस्था

रेमो डिसूजा, अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने भस्म आरती में की शिव आराधना
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार तड़के आयोजित होने वाली दिव्य भस्म आरती में बॉलीवुड और टीवी जगत की चर्चित हस्तियां बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आईं। प्रसिद्ध कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा, अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और अभिनेता विक्की जैन ने महाकाल मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया और भस्म आरती में शामिल होकर शिव आराधना की।
तड़के 3 बजे पहुंचे मंदिर, दो घंटे तक भक्ति में रहे लीन
तीनों कलाकार सुबह करीब 3 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। मंदिर की परंपरा के अनुसार वे नंदी हॉल में बैठे और करीब दो घंटे तक बाबा महाकाल की अलौकिक भस्म आरती का दर्शन किया। इस दौरान तीनों पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव में डूबे दिखाई दिए।
नंदी महाराज के कान में कही अपनी मनोकामना
भस्म आरती संपन्न होने के बाद रेमो डिसूजा, अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने नंदी महाराज का पूजन किया। इसके बाद उन्होंने परंपरा के अनुसार नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर समिति ने किया स्वागत
भस्म आरती के पश्चात श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से तीनों कलाकारों का सम्मान और स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने के लिए उत्साह दिखाया।
पहले भी महाकाल के दर्शन के लिए आ चुके हैं कलाकार
रेमो डिसूजा इससे पहले भी बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आ चुके हैं। वहीं अंकिता लोखंडे भी अपने पति विक्की जैन के साथ पूर्व में भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद ले चुकी हैं।



