लाडली बहनों को आज मिलेगा बड़ा तोहफा: CM डॉ. मोहन जारी करेंगे 1835 करोड़ की राशि, रायपुर-दिल्ली दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री

1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में सिंगल क्लिक से पहुंचेगी योजना की 36वीं किश्त
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के लिए आज का दिन खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज लाडली बहना योजना की 36वीं किश्त जारी करेंगे। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव से मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के जरिए करोड़ों महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे।
सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक योजना के तहत 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 महिलाओं को लाभ मिलेगा। इस बार कुल 1,835.67 करोड़ रुपये की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। अब तक इस योजना के माध्यम से 55,926.51 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
विकास कार्यों की सौगात भी देंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दोपहर 12 बजे भोपाल से नरसिंहपुर के लिए रवाना होंगे। वहां लाडली बहना योजना से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:20 बजे अनूपपुर के लिए रवाना होंगे, जहां कोतमा में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
रायपुर और दिल्ली का भी रहेगा दौरा
कोतमा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जबलपुर पहुंचेंगे और शाम 6:55 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे। रायपुर में एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे रात 7:50 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के लगातार राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों को लेकर सरकारी और राजनीतिक हलकों में हलचल बनी हुई है।
कांग्रेस में प्रवक्ता बनने के लिए आज इंटरव्यू
इधर कांग्रेस संगठन में नए प्रवक्ताओं के चयन को लेकर चल रही “टैलेंट हंट” प्रक्रिया भी आज जारी रहेगी। पार्टी के पूर्व प्रवक्ताओं का आज इंटरव्यू लिया जाएगा, जिसके आधार पर उनकी आगे की नियुक्तियों पर फैसला होगा।
बताया जा रहा है कि सोमवार को उन नए चेहरों का इंटरव्यू लिया गया था जो कांग्रेस में प्रवक्ता बनना चाहते हैं। अब पार्टी अनुभवी और पुराने प्रवक्ताओं का मूल्यांकन कर संगठनात्मक रणनीति को मजबूत करने की तैयारी में जुटी हुई है।



