छत्तीसगढ़ की राजनीति से लेकर महंगाई तक गरमाया माहौल: CM साय आज BJP कार्यसमिति में, कांग्रेस ने केंद्र पर बोला हमला

केंद्रीय मंत्री पासवान का दो दिवसीय दौरा, रायपुर में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक हलचल तेज रहने वाली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे, वहीं केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और ईंधन संकट को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे। यहां आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में वे शाम 5 बजे तक हिस्सा लेंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीति और सरकार की योजनाओं को लेकर चर्चा होने की संभावना है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:15 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे, जहां उनका समय आरक्षित रहेगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान का छत्तीसगढ़ दौरा
भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान 13 और 14 मई को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
रायपुर में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम जैसी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की जाएगी। मंत्री पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और हितग्राहियों से भी संवाद करेंगे।
14 मई को वे विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और नवाचारों का अवलोकन करेंगे तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और लाभार्थियों से मुलाकात करेंगे।
“देश दूसरे लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा” : दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश धीरे-धीरे दूसरे लॉकडाउन जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है और केंद्र सरकार जिम्मेदारी लेने के बजाय जनता से त्याग की अपील कर रही है।
राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने कहा कि महंगाई, ईंधन संकट और बेरोजगारी ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने केंद्र सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद्य तेल और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
“मोदी कह रहे घर में बैठो” : कांग्रेस का हमला
प्रधानमंत्री की वर्क फ्रॉम होम और कम यात्रा करने की अपील पर कांग्रेस ने सवाल उठाए। दीपक बैज ने कहा कि रोज कमाकर खाने वाले मजदूर, फेरीवाले और छोटे व्यापारी घर बैठकर जीवन नहीं चला सकते। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और गृहिणियां कटौती करने को मजबूर हैं।
तेल भंडारण क्षमता को लेकर भी केंद्र पर निशाना
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने क्रूड ऑयल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पार्टी का कहना है कि वर्तमान ईंधन संकट केंद्र सरकार की लापरवाही का परिणाम है।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
सत्संग एवं भजन संध्या
आयोजक: आर्ट ऑफ लिविंग
स्थान: राजभवन के निकट मुक्ताकाशी मंच
समय: शाम 7:30 बजे से
समर क्लासेस
आयोजक: गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, स्टेशन रोड
स्थान: लंगर हाल, स्टेशन रोड गुरुद्वारा
समय: सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक
रंगारंग समापन समारोह
आयोजक: छत्रपति शिवाजी स्कूल, पुरानी बस्ती एवं प्रोफेसर कॉलोनी
स्थान: अग्रसेन भवन, पुरानी बस्ती
समय: सुबह 11 बजे से
श्रीमद देवी भागवत कथा
कथावाचक: राधा रासबिहारी शरण महाराज
स्थान: श्रीराम मंदिर प्रांगण, टिल्लू चौक लाखेनगर
समय: सुबह 9 बजे से
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
स्थान: श्रीबांके बिहारी मंदिर, नयापारा सदर बाजार
कार्यक्रम: वेदी पूजन, मूर्ति महास्नान, हवन एवं भजन संध्या
समय: सुबह 9:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक



