पुलिस लाइन में खूनी संघर्ष: साथी आरक्षक पर चाकू-डंडों से हमला, हालत गंभीर

रीवा पुलिस लाइन में मचा हड़कंप
रीवा ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के रीवा जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बिछिया थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन में एक आरक्षक पर उसके ही साथी पुलिसकर्मी और उसके बेटे ने जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
खाना लेने घर पहुंचे थे आरक्षक
जानकारी के मुताबिक घायल आरक्षक मुकेश तिवारी वर्तमान में मनगवां थाना में पदस्थ हैं और उनकी ड्यूटी कलेक्ट्रेट में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात वह खाना लेने अपने शासकीय आवास पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी सुरेंद्र पांडे, उसके बेटे और दो अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
चाकू, टांगी और डंडों से ताबड़तोड़ वार
आरोप है कि हमलावरों ने मुकेश तिवारी पर चाकू, टांगी और डंडों से लगातार हमला किया। अचानक हुए हमले में आरक्षक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
घायल आरक्षक की पत्नी का कहना है कि आरोपी सुरेंद्र पांडे पिछले कई दिनों से गाली-गलौज और विवाद कर रहा था। परिवार के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया।
अस्पताल में जिंदगी की जंग
घायल मुकेश तिवारी को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।
आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
विभागीय छवि पर उठे सवाल
पुलिस लाइन के भीतर हुई इस हिंसक घटना ने विभागीय अनुशासन और आंतरिक माहौल पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।



