सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल हुए पीएम मोदी, 11 तीर्थों के पवित्र जल से हुआ शिखर अभिषेक

गुजरात के विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में आज ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। स्वतंत्र भारत में पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सोमनाथ अमृत पर्व-2026’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। इस दौरान मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और उत्सव के रंग में डूबा नजर आया।
11 तीर्थों के जल से हुआ महाअभिषेक
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 11 पवित्र तीर्थों से लाए गए जल से विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर के शिखर का अभिषेक किया गया। करीब 90 मीटर ऊंची क्रेन की सहायता से मंदिर के शिखर पर पवित्र जल अर्पित किया गया। इस भव्य दृश्य को देखने हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
आसमान से हुई पुष्पवर्षा
कार्यक्रम के दौरान भारतीय वायुसेना के चेतक हेलिकॉप्टर ने मंदिर परिसर पर पुष्पवर्षा की। वहीं सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने मंदिर के ऊपर करीब 15 मिनट तक रोमांचक एयर शो प्रस्तुत किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला।
मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया
सोमनाथ मंदिर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। परिसर में आध्यात्मिक वातावरण के साथ सांस्कृतिक भव्यता भी दिखाई दी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संत-महात्मा इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने।
2 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया
प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर पहुंचने से पहले हेलिपैड से सोमनाथ मंदिर तक करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान लोगों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।
75 साल पूरे होने पर मनाया जा रहा अमृत पर्व
गौरतलब है कि 11 मई 1951 को स्वतंत्र भारत में नव-निर्मित सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। इसी ऐतिहासिक अवसर की 75वीं वर्षगांठ पर ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। साथ ही मंदिर पर महमूद गजनवी के हमले के 1000 वर्ष पूरे होने के कारण भी यह आयोजन विशेष महत्व रखता है।
वडोदरा में करेंगे सरदारधाम-3 का उद्घाटन
सोमनाथ कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी वडोदरा रवाना होंगे। यहां वे 150 करोड़ रुपए की लागत से बने ‘सरदारधाम-3’ का लोकार्पण करेंगे। यह विशाल शैक्षणिक और आवासीय परिसर पाटीदार समुदाय के विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है।



