रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में मौसम ने ली नई करवट, अब बढ़ेगी गर्मी

बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम का असर, कई जिलों में बारिश और अंधड़ के संकेत

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से जारी मौसम की नरमी अब धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आज से प्रदेश में तापमान बढ़ने का दौर शुरू हो सकता है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। हालांकि कई इलाकों में बादल, हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति भी बनी रह सकती है।

कई जिलों में हुई बारिश, लोगों को मिली राहत

रविवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और माना क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश हुई, जबकि बिलासपुर, रायपुर, तखतपुर, सकरी और लोरमी समेत कई क्षेत्रों में भी बूंदाबांदी और बारिश का असर देखने को मिला। मौसम में आई इस नमी से लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत जरूर मिली।

दुर्ग में सबसे ज्यादा गर्मी

बारिश के बावजूद प्रदेश के कई जिलों में उमस और गर्मी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार दुर्ग जिले में सबसे अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं अन्य शहरों में भी दिनभर गर्म हवाओं और उमस का असर महसूस किया गया।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहा मौसम तंत्र

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ, द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण जैसे कई मौसम तंत्र सक्रिय हैं। इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले 48 घंटों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है।

गरज-चमक और बिजली गिरने के आसार

प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

रायपुर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी

राजधानी रायपुर में सोमवार को दोपहर और शाम के समय बादल छाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!