रायपुर संभाग

सीएम साय आज हटकेश्वर नाथ मंदिर में करेंगे रुद्राभिषेक, रायपुर में शुरू होगा ‘सुशासन तिहार’

ग्रीष्मकालीन खेल शिविर का होगा शुभारंभ, महादेव सट्टा एप को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुबह महादेवघाट स्थित हटकेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर रुद्राभिषेक करेंगे। गुजरात के सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री महादेवघाट से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखेंगे। इसके बाद दोपहर में वे 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स से मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात करेंगे।

आज से शुरू होगा निःशुल्क ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर

राजधानी रायपुर में 11 मई से 21 दिवसीय निःशुल्क ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत होगी। जिले के बच्चों और युवाओं को 22 विभिन्न खेल विधाओं में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। एडीएम उमाशंकर बंदे ने खेल संघों और प्रशिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।

रायपुर में ‘सुशासन तिहार 2026’ की शुरुआत

लोगों की शिकायतों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए राजधानी में ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। पहला शिविर आज जोन-3 क्षेत्र के शंकरनगर स्थित सिंधु भवन में आयोजित होगा। शिविर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे।

पेयजल संकट को लेकर आप का प्रदर्शन आज

आम आदमी पार्टी के नेता आज बिरगांव नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे। पार्टी का आरोप है कि क्षेत्र में पेयजल संकट गहराता जा रहा है और लोग पानी के लिए परेशान हैं। आप नेताओं ने सरकार और जनप्रतिनिधियों पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। प्रदर्शन के बाद निगम आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

महादेव सट्टा एप को लेकर कांग्रेस का हमला

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथित रूप से चल रहे महादेव सट्टा एप के विज्ञापनों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार के संरक्षण में सट्टा एप संचालित हो रहा है। कांग्रेस ने सरकार से रवि उप्पल, सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी को गिरफ्तार कर भारत लाने की मांग भी उठाई।

राजधानी में आज होंगे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन

रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में आज शाम बहुरंगी काव्य और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। वहीं लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण में चार महापुराण कथा महोत्सव के तहत सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!