पति ही निकला पत्नी का कातिल, घरेलू विवाद में गला घोंटकर की हत्या

रायपुर पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में एक महिला की मौत का मामला हत्या में बदल गया, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर मारने की पुष्टि हुई। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने महिला के पति को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
किराए के मकान में मिली थी अचेत अवस्था में
मृतका की पहचान पार्वती साहू के रूप में हुई है। वह छुईया तालाब के पास किराए के मकान में रहती थी। 28 अप्रैल को महिला घर में अचेत हालत में मिली थी। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ बड़ा खुलासा
शुरुआत में मामला सामान्य मौत का माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया। 8 मई को आई रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पति पर गया पुलिस का शक
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले महिला को आखिरी बार उसके पति ललित उर्फ विक्की साहू के साथ देखा गया था। घटना के बाद से आरोपी पति भी गायब था, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने कपड़े से पत्नी का गला घोंट दिया।
आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है।



