फेमिना मिस इंडिया 2026: गोवा की साध्वी सतीश सैल बनीं विजेता

30 कंटेस्टेंट्स को पछाड़ जीता ताज, महाराष्ट्र की राजनंदिनी पंवार फर्स्ट रनरअप
भुवनेश्वर ( शिखर दर्शन ) // फेमिना मिस इंडिया 2026 का खिताब गोवा की साध्वी सतीश सैल ने अपने नाम कर लिया है। भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी में आयोजित ग्रैंड फिनाले में साध्वी ने 30 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह प्रतिष्ठित ताज हासिल किया। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, पूरा हॉल तालियों की गूंज से भर गया और साध्वी की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।

इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की राजनंदिनी पंवार फर्स्ट रनरअप रहीं, जबकि जम्मू-कश्मीर की श्री अद्वैता ने सेकंड रनरअप का स्थान हासिल किया। विजेता बनने के साथ ही साध्वी सैल अब 2027 में होने वाले मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ग्रैंड फिनाले में साध्वी सैल का कॉन्फिडेंस, ग्रेस और प्रस्तुति शैली जजों को बेहद पसंद आई। उन्होंने सिल्वर-ब्लैक शेड का मोनोक्रोमैटिक गाउन पहना था, जिसमें हाई नेक डिजाइन और फ्रंट कट-आउट पैटर्न था। स्टोन और सीक्विन वर्क से सजा उनका आउटफिट स्टेज लाइट्स में बेहद आकर्षक नजर आया। मिनिमल मेकअप और क्लासी जूलरी ने उनके लुक को और निखारा।
सफलता का मंत्र देते हुए साध्वी ने कहा—
- सफलता के लिए मेहनत पर भरोसा जरूरी है
- खुद की तुलना दूसरों से नहीं करनी चाहिए
- अपनी पहचान और व्यक्तित्व ही सबसे बड़ी ताकत है
कौन हैं साध्वी सतीश सैल ?
साध्वी सतीश सैल गोवा की निवासी हैं और उन्होंने इकोनॉमिक्स व इंटरनेशनल रिलेशन में ग्रेजुएशन किया है। वे सात भाषाओं का ज्ञान रखती हैं। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि वे न सिर्फ खूबसूरत हैं, बल्कि बौद्धिक रूप से भी बेहद सक्षम हैं।
इस जीत के साथ साध्वी सैल ने देश का नाम रोशन करने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया है और अब उनकी नजरें अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को गौरवान्वित करने पर टिकी हैं।




