आज से शुरू चारधाम यात्रा: गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट आज खुलेंगे

भैरव मंदिर से गंगोत्री के लिए रवाना हुई डोली, श्रद्धालुओं में उत्साह
देहरादून ( शिखर दर्शन ) // उत्तराखंड में आज से चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ हो रहा है। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा विधिवत शुरू होगी। गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:15 बजे और यमुनोत्री धाम के कपाट 2:35 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
यात्रा की शुरुआत से पहले मां गंगा की भोग मूर्ति की डोली भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो चुकी है। पारंपरिक विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच यह डोली अपने निर्धारित पड़ावों से होते हुए धाम पहुंचेगी। शनिवार को अभिजीत मुहूर्त में मुखबा गांव से डोली को आर्मी बैंड और ढोल-दमाऊं की अगुवाई में गंगोत्री के लिए रवाना किया गया था। श्रद्धालु और तीर्थ पुरोहित भी इस यात्रा में शामिल हुए।
डोली ने मुखबा-जांगला के लगभग 7 किलोमीटर के कठिन मार्ग को पार करते हुए भैरों घाटी में रात्रि विश्राम किया, जहां से आज आगे गंगोत्री धाम के लिए प्रस्थान किया गया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा।
चारधाम यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। पार्किंग, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई है और अधिकारियों को समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस वर्ष यात्रा में पिछले सभी रिकॉर्ड टूटने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रयास रहेगा कि श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड से सुखद और यादगार अनुभव लेकर लौटें।



