राष्ट्रीय

नेहरू का 74 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा: सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने मोदी, बोले- ‘जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी’

4399 दिनों के कार्यकाल के साथ रचा इतिहास, 12 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों को दिया संदेश

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देश के पहले प्रधानमंत्री Jawaharlal Nehru का लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है। 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री मोदी के लगातार 4399 दिन पूरे हो गए, जिसके साथ ही उन्होंने नेहरू के 4398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जनसेवा, सुशासन और जनविश्वास को लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति बताया।

रिकॉर्ड टूटने के बाद प्रधानमंत्री की पहली प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने लिखा कि विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनता का विश्वास अर्जित कर सकता है।

उन्होंने संस्कृत श्लोक उद्धृत करते हुए कहा—

“सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः।
विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥”

12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के बीते 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सरकार ने युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि आज भारत को इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, डिजिटल क्रांति, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में नई पहचान मिली है। विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी।

4399 दिन का ऐतिहासिक सफर

प्रधानमंत्री मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और 2024 में लगातार तीसरी बार जनता का जनादेश प्राप्त कर प्रधानमंत्री बने। 10 जून 2026 को उनके लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4399 दिन पूरे हो गए।

वहीं, जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री रहे और लगातार 4398 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यरत रहे थे। मोदी ने अब इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

आज होगी NDA की अहम बैठक

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी सभी नेताओं को संबोधित करेंगे। साथ ही उनके इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर बधाई प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है। बैठक में ‘विकसित भारत-2047’, केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय, आधारभूत संरचना विकास, ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।

भाजपा मना रही उपलब्धियों का उत्सव

केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों, संवाद सभाओं और जनसंपर्क अभियानों का आयोजन कर रही है। पार्टी इसे सुशासन, विकास और जनविश्वास के 12 वर्ष के रूप में प्रस्तुत कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!