अभिनेत्री सोनल चौहान पहुंचीं महाकाल दरबार, भस्मारती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद

नंदी हॉल में बैठकर किया ध्यान, बोलीं— महाकाल के दर्शन हर बार देते हैं दिव्यता का अनुभव
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दरबार पहुंचीं, जहां उन्होंने तड़के होने वाली भस्मारती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर ध्यान किया और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा में सोनल चौहान ने कहा कि महाकाल के दर्शन हर बार एक अलग और अलौकिक अनुभव प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि यहां की शांति, भव्यता और दिव्यता मन को गहराई तक प्रभावित करती है और हर बार उन्हें एक नई ऊर्जा का अहसास होता है।
अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर उन्होंने जानकारी दी कि वे जल्द ही ‘मिर्जापुर’ और भोपाल में एक नई वेब सीरीज की शूटिंग शुरू करने जा रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से उनका आने वाला समय करियर के लिहाज से बेहद सफल रहेगा।
सोनल चौहान ‘जन्नत’, ‘पलटन’, ‘बुड्ढा होगा तेरा बाप’ और ‘आदिपुरुष’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का प्रभाव छोड़ चुकी हैं और उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।



