मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर: 16 जिलों में लू का अलर्ट, नौगांव सबसे गर्म

मौसम विभाग की चेतावनी, अगले चार दिनों तक बढ़ेगा तापमान; कई शहरों में पारा 40 पार

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है, जहां मौसम विज्ञान केंद्र ने पहली बार प्रदेश के 16 जिलों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है। आने वाले चार दिनों तक इन क्षेत्रों में गर्म हवाओं का प्रकोप बना रहने की संभावना जताई गई है, जबकि कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांदुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में लू का प्रभाव देखने को मिलेगा। प्रदेश के करीब 25 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पर असर पड़ने लगा है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान नौगांव (छतरपुर) में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक है। इसके अलावा खजुराहो में 42.2 डिग्री, रतलाम में 42 डिग्री, नर्मदापुरम में 41.8 डिग्री और सतना में 41.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मंडला, सीधी और शाजापुर सहित कई अन्य शहरों में भी पारा 41 डिग्री के पार पहुंच गया है।

इंदौर, ग्वालियर, भोपाल, उज्जैन और जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों में भी तापमान 39 से 40 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है, जो आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो सकती है।

ऐसे में नागरिकों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के व ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी गई है, ताकि लू के प्रभाव से बचा जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!