कर्नाटक दौरे पर पीएम मोदी: सिद्धारमैया ने किया गर्मजोशी से स्वागत, गुरु भैरवैय्या मंदिर का उद्घाटन

मांड्या में जनसभा को संबोधित कर लोगों से नौ संकल्प लेने की अपील, लंबित परियोजनाओं पर CM ने सौंपा पत्र
बेंगलुरु ( शिखर दर्शन ) // बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक दौरे पर बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त बातचीत भी हुई, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री को एक पत्र सौंपकर राज्य की लंबे समय से लंबित करीब 18 परियोजनाओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। इन परियोजनाओं में रेलवे, जन जीवन मिशन, ग्राम पंचायतों को अनुदान और राष्ट्रीय राजमार्गों के सुधार से जुड़े मुद्दे शामिल हैं, जिन पर उन्होंने केंद्र से शीघ्र सहयोग की मांग की है।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मांड्या जिले पहुंचे, जहां उन्होंने आदिचुनचनगिरी महासंस्थान मठ स्थित श्री गुरु भैरवैय्या मंदिर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने लोगों से नौ सामूहिक संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन संकल्पों को अपनाकर विकसित कर्नाटक और विकसित भारत के लक्ष्य को तेजी से प्राप्त किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में इन प्रमुख संकल्पों पर जोर दिया:
- जल संरक्षण और बेहतर जल प्रबंधन
- ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण
- सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता
- ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा
- घरेलू पर्यटन को प्रोत्साहन
- रसायन मुक्त प्राकृतिक खेती को अपनाना
- मोटे अनाज (मिलेट्स) के जरिए स्वस्थ खानपान
- योग और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाना
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने ज्योति पीठ के दर्शन भी किए, जिसका धार्मिक और पौराणिक महत्व है। मंदिर का निर्माण द्रविड़ वास्तुकला शैली में किया गया है, जो इसे विशेष बनाता है और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा ने संयुक्त रूप से ‘सौंदर्य लहरी और शिव महिम्न स्तोत्रम’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




