एमपी बोर्ड रिजल्ट आज: 16 लाख छात्रों का इंतजार खत्म, सीएम डॉ. मोहन करेंगे परिणाम घोषित

भोपाल में आज सियासी हलचल भी तेज, कांग्रेस की तीन दिन की मैराथन बैठकों का आगाज
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के लाखों छात्रों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा का परिणाम आज सुबह 11 बजे घोषित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं रिजल्ट जारी करेंगे। इस वर्ष करीब 16 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें लगभग 9.07 लाख विद्यार्थी 10वीं और करीब 7 लाख विद्यार्थी 12वीं परीक्षा में सम्मिलित हुए थे।
फरवरी-मार्च में हुई थीं परीक्षाएं, हजारों केंद्र बनाए गए
बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं। पूरे प्रदेश में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां कड़ी निगरानी में परीक्षाएं संपन्न कराई गई थीं।
मुख्यमंत्री का व्यस्त दिन, कई बैठकों में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 11 बजे रिजल्ट जारी करने के बाद 11:55 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12 बजे नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 2:30 बजे जनजातीय कार्य विभाग की बैठक और शाम 4 बजे रविंद्र भवन में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
कांग्रेस की तीन दिन की मैराथन बैठकों से बढ़ेगी सियासी सरगर्मी
प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस आज से तीन दिन तक लगातार बैठकें करेगी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सुबह 11 बजे होने वाली बैठक में जिलाध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। खराब प्रदर्शन करने वाले जिलाध्यक्षों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
संगठन मजबूत करने की रणनीति पर फोकस
कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत हर तीन महीने में समीक्षा की योजना बना रही है। 17 अप्रैल को रविंद्र भवन में ब्लॉक अध्यक्षों का सम्मेलन भी आयोजित होगा। नगरीय निकाय चुनाव से पहले पार्टी संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।



