रायपुर संभाग

नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: कई आरोपी गिरफ्तार, आमजन को सतर्क रहने की अपील

अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़, खाद्य एवं औषधि विभाग का अभियान तेज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में नकली दवाओं के अवैध व्यापार के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है। विभाग द्वारा चलाए जा रहे सतत अभियान के तहत कई अहम आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचने की कोशिश तेज हो गई है।

जांच में सामने आया अंतरराज्यीय गिरोह

जांच के दौरान सामने आया कि नकली दवाओं की सप्लाई एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से की जा रही थी, जिसमें विभिन्न शहरों के कारोबारी शामिल थे। नागपुर स्थित ट्रांसपोर्ट से हुई जब्ती के बाद मामले की कड़ियां जुड़ती गईं और कई आरोपियों की भूमिका उजागर हुई, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

मेडिकल स्टोर्स पर छापे, संदिग्ध दवाएं जब्त

जांच के क्रम में सारंगढ़ स्थित एक मेडिकल स्टोर में विस्तृत निरीक्षण किया गया, जहां संदिग्ध और नकली दवाओं के भंडारण एवं वितरण से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। विभाग ने इन दवाओं को विधिवत जब्त कर जांच में शामिल किया है।

आरोपियों पर कार्रवाई जारी, नेटवर्क की हो रही पड़ताल

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग द्वारा अंतरराज्यीय स्तर पर भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों और संस्थानों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में प्रकरण में अभियोजन की प्रक्रिया जारी है।

आमजन से अपील: केवल अधिकृत मेडिकल स्टोर्स से ही खरीदें दवाएं

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दवाओं की खरीद केवल अधिकृत मेडिकल स्टोर्स से ही करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नकली दवाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!