मां के साथ महाकाल की भक्ति में लीन हुईं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया, दो घंटे तक निहारा बाबा का दिव्य स्वरूप

उज्जैन पहुंचकर तड़के भस्म आरती में हुईं शामिल, नंदी हॉल में बैठकर किए दर्शन; नंदी के कान में कही मनोकामना, बोलीं- मां के साथ दर्शन कर मन को मिली असीम शांति
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री तमन्ना भाटिया अपनी मां के साथ पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पारंपरिक साड़ी में मंदिर पहुंचीं अभिनेत्री नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक भस्म आरती के दिव्य दर्शन करती रहीं। इस दौरान वे पूरी तरह शिवभक्ति में लीन नजर आईं।
पारंपरिक वेशभूषा में किए बाबा महाकाल के दर्शन
तमन्ना भाटिया अपनी मां के साथ तड़के मंदिर पहुंचीं। उन्होंने पारंपरिक भारतीय परिधान साड़ी धारण किया हुआ था। नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने विधि-विधान से भस्म आरती के दर्शन किए। आरती के दौरान अभिनेत्री श्रद्धाभाव के साथ भगवान महाकाल की आराधना करती नजर आईं। भस्म आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। दर्शन के उपरांत मंदिर प्रबंध समिति की ओर से अभिनेत्री और उनके परिवार का पारंपरिक रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
मां को महाकाल के दर्शन कराने पहुंचीं उज्जैन
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में तमन्ना भाटिया ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल होना उनके लिए बेहद आनंद और सौभाग्य की बात है। अभिनेत्री ने बताया कि वे विशेष रूप से अपनी मां को भगवान महाकाल के दर्शन कराने के लिए उज्जैन लेकर आई थीं। मां के साथ बाबा के दर्शन करने के बाद उन्हें असीम शांति और खुशी का अनुभव हुआ।
13 साल की उम्र में शुरू किया था अभिनय का सफर
तमन्ना भाटिया ने बेहद कम उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था। उन्होंने महज 13 वर्ष की उम्र में अभिनय सीखना शुरू किया और पृथ्वी थिएटर से भी जुड़ी रहीं। वर्ष 2005 में हिंदी फिल्म ‘चांद सा रोशन चेहरा’ से उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इसके बाद हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपने अभिनय के दम पर उन्होंने अलग पहचान बनाई। आज तमन्ना भाटिया भारतीय फिल्म जगत की चर्चित अभिनेत्रियों में शुमार हैं।



