बिलासपुर संभाग

स्वच्छता के सुझावों से खेल के मैदान तक, अमर अग्रवाल ने प्रतिभाओं को नवाजा

‘स्वच्छ बिलासपुर–आपकी बात’ के पांच विजेता सम्मानित, 50 पदक जीतने वाले डीएवी के खिलाड़ियों का भी हुआ अभिनंदन

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों की रचनात्मक भागीदारी को प्रोत्साहित करने की पहल के तहत नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने ‘स्वच्छ बिलासपुर–आपकी बात’ अभियान के पांच विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक राकेश जायसवाल और पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी अजय कौशिक को उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं, दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल गेम्स में 50 पदक जीतकर शहर का गौरव बढ़ाने वाले डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का भी अभिनंदन किया गया।

स्वच्छता के लिए मिले 33 सुझावों में से चुने गए पांच श्रेष्ठ विचार

जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल की प्रेरणा से हमर बिलासपुर सोशल मीडिया समूह द्वारा ‘स्वच्छ बिलासपुर–आपकी बात’ अभियान शुरू किया गया था। इसके तहत नागरिकों से शहर की स्वच्छता और सुंदरता बेहतर बनाने के लिए सुझाव एवं नवाचार आमंत्रित किए गए थे।

24 अक्टूबर तक प्राप्त सुझावों में से 33 उत्कृष्ट विचारों को अंतिम चयन के लिए निर्णायक समिति के समक्ष रखा गया। समिति ने इनमें से पांच सर्वश्रेष्ठ सुझावों का चयन किया। इनके प्रस्तुतकर्ताओं को नगर विधायक अमर अग्रवाल ने स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

सम्मानित प्रतिभागियों में आशीष वाजपेयी (टिकरापारा), मोनू रजक (अधिवक्ता), दीपाली दुआ (इनर व्हील क्लब), रजनीश ताम्रकार (व्यवसायी एवं सामाजिक कार्यकर्ता) तथा विजेंद्र तिवारी (अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता) शामिल रहे। निर्णायक समिति में राजीव लोचन तिवारी, राधाकिशन शर्मा, विकास चौबे और रौनक साव शामिल थे।

इस पहल की सराहना करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में सोशल मीडिया का उपयोग केवल संवाद और सूचना के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से समाज और शहर के विकास से जुड़े रचनात्मक कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

दो सेवानिवृत्त अधिकारियों की सेवाओं का हुआ सम्मान

राजेंद्र नगर स्थित विधायक निवास में आयोजित कार्यक्रम में हमर बिलासपुर समूह के वरिष्ठ सदस्य एवं नगरीय प्रशासन विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक राकेश जायसवाल तथा पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी अजय कौशिक को शाल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

अमर अग्रवाल ने राकेश जायसवाल की कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और प्रशासनिक दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान जायसवाल ने सजग एवं जिम्मेदार अधिकारी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन किया। वहीं, अजय कौशिक के शिक्षा विभाग में योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कौशिक ने अपने सेवाकाल में शिक्षा व्यवस्था के सुधार और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे विद्यार्थी परिषद से भी जुड़े रहे हैं।

अग्रवाल ने कहा कि दोनों अधिकारियों का अनुभव, समर्पण और सेवाभाव समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की।

डीएवी के खिलाड़ियों ने जीते 50 पदक, अमर अग्रवाल ने किया सम्मानित

कार्यक्रम में दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले डीएवी पब्लिक स्कूल बिलासपुर के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 15 स्वर्ण, 24 रजत और 11 कांस्य पदक सहित कुल 50 पदक हासिल कर बिलासपुर का नाम रोशन किया।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर अमर अग्रवाल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन और माता-पिता का सहयोग बच्चों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बिलासपुर की अनमोल पूंजी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार खेलो इंडिया सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।

अग्रवाल ने यह भी बताया कि उनके तीनों बच्चों ने डीएवी में ही शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई दी।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य के. पार्थीपन, शिक्षक सुब्रत तिवारी, डी.वी.एस.आर. मूर्ति, विपिन बिहारी सिंह तथा विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।

इसके अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, प्रवीण दुबे, किशोर राय, तारकेश्वर सिन्हा, सूर्यकांत गुप्ता, मनीष शुक्ला, मनीष अग्रवाल, अमित सिन्हा, भूपेंद्र कौशिक, देवी चंद्राकर, वासुदेव पांडे, रोशन सिंह, दुर्गेश पांडेय और लाला भाभा सहित हमर बिलासपुर सोशल मीडिया समूह के सदस्य, सम्मानित प्रतिभागी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!