बिलासपुर संभाग

बिलासपुर की यातायात व्यवस्था संभालेंगी ऋचा मिश्रा, रमेश चन्द्रा बने डीएसपी ट्रैफिक

राज्य पुलिस सेवा के 33 अधिकारियों के तबादले, रामगोपाल करियारे को कटघोरा की जिम्मेदारी; गृह विभाग ने 30 अक्टूबर को जारी किया आदेश

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिलासपुर जिले में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। शहर की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋचा मिश्रा संभालेंगी। वहीं, अब तक इस पद पर पदस्थ रामगोपाल करियारे का तबादला कोरबा जिले के कटघोरा में कर दिया गया है। इसके अलावा रमेश चन्द्रा को उप पुलिस अधीक्षक (यातायात), बिलासपुर के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के साथ ही बिलासपुर यातायात पुलिस के नेतृत्व में एएसपी और डीएसपी दोनों स्तरों पर नई पदस्थापना हुई है।

छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने 30 अक्टूबर 2026 को राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 33 अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है। प्रशासनिक आधार पर जारी आदेश के अनुसार सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।

ऋचा मिश्रा को मिली बिलासपुर यातायात की कमान

जारी आदेश के मुताबिक, श्रीमती ऋचा मिश्रा (डीडी-2007), जो अब तक सेनानी, 16वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नारायणपुर के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात), जिला बिलासपुर नियुक्त किया गया है। अब उनके पास शहर की यातायात व्यवस्था के संचालन, नियंत्रण और यातायात पुलिस से जुड़े प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी होगी।

रामगोपाल करियारे को कटघोरा भेजा गया

बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के पद पर पदस्थ रामगोपाल करियारे (डीडी-2013) का स्थानांतरण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा), जिला कोरबा के पद पर किया गया है। उनके स्थान पर ऋचा मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रमेश चन्द्रा बने उप पुलिस अधीक्षक (यातायात)

इसी प्रशासनिक फेरबदल के तहत रमेश चन्द्रा (रनि-2023) को उप पुलिस अधीक्षक (यातायात), जिला बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। इस तरह शहर की यातायात व्यवस्था की निगरानी और संचालन के लिए अब एएसपी ऋचा मिश्रा तथा डीएसपी रमेश चन्द्रा की नई जिम्मेदारी तय की गई है।

30 अक्टूबर को गृह विभाग ने जारी किया आदेश

यह स्थानांतरण आदेश छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा आदेश क्रमांक ESTB/39149/2026/गृह-दो, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के तहत जारी किया गया है। आदेश अवर सचिव सोनचंद साहू ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार जारी किया है। इसमें अधिकारियों की नवीन पदस्थापना तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से लागू किए जाने का उल्लेख है।

बिलासपुर में यातायात पुलिस के नेतृत्व में हुए इस बदलाव के बाद अब शहर की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी ऋचा मिश्रा और रमेश चन्द्रा के हाथों में होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!