परिसीमन से बदल सकता है लोकसभा का चुनावी गणित, सभी राज्यों में 50% तक बढ़ सकती हैं सीटें; जानिए राज्यवार आंकड़ों का अनुमान

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // केंद्र सरकार की प्रस्तावित परिसीमन योजना देश के राजनीतिक और चुनावी नक्शे में बड़ा बदलाव ला सकती है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य महिला आरक्षण कानून को लागू करने का रास्ता साफ करना है। प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी किए जाने की बात कही गई है। इस व्यवस्था के तहत वर्ष 2051 तक राज्यों की लोकसभा सीटों में हिस्सेदारी स्थिर रखने का प्रस्ताव है।

नई व्यवस्था में कितनी होंगी लोकसभा की सीटें ?
प्रस्तावित फॉर्मूले के अनुसार, प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की मौजूदा लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। इससे राज्यों के बीच सीटों का अनुपात लगभग पहले जैसा ही बना रहेगा। हालांकि, गणना के दौरान कुछ राज्यों की सीटों की संख्या दशमलव में पहुंच रही है, जिसके कारण अंतिम आंकड़ों में गणितीय समायोजन करना होगा।
उदाहरण के तौर पर तमिलनाडु में वर्तमान में 39 लोकसभा सीटें हैं। 50 प्रतिशत वृद्धि के बाद यह संख्या 58.5 हो जाती है। इसी तरह मध्य प्रदेश की 29 सीटें बढ़कर 43.5, पंजाब की 13 सीटें बढ़कर 19.5 और दिल्ली की 7 सीटें बढ़कर 10.5 हो जाएंगी। आधी सीट का प्रावधान संभव नहीं होने के कारण इन संख्याओं को पूर्णांक में बदलने की जरूरत पड़ेगी।
सीटों की संख्या 824 या 816 तक पहुंचने का अनुमान
एक गणितीय विकल्प यह है कि दशमलव वाली संख्या को अगले पूर्णांक में बदल दिया जाए। इस फॉर्मूले को सभी विषम संख्या वाली सीटों पर लागू करने से लोकसभा की कुल सदस्य संख्या 824 तक पहुंच सकती है।
हालांकि, जिन छोटे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वर्तमान में केवल एक लोकसभा सीट है, वहां 50 प्रतिशत वृद्धि के बाद संख्या 1.5 होगी। इसे पूर्णांक में बदलने पर सीटें दो हो जाएंगी, यानी उनकी हिस्सेदारी दोगुनी हो जाएगी। इसी कारण कुछ अनुमानों में ऐसे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सीटें एक ही रखने की संभावना जताई गई है। इस गणना के आधार पर नई लोकसभा में कुल 816 सदस्य हो सकते हैं। सरकार की ओर से भी इसी आंकड़े का उल्लेख किया गया है।
राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर उठी थी चिंता
अप्रैल में पेश किए गए प्रस्ताव में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के आवंटन पर लगी मौजूदा रोक हटाने और जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्वितरण करने की बात कही गई थी। इसके साथ ही लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव भी शामिल था।
सरकार का तर्क है कि लोकसभा का विस्तार होने से किसी भी राज्य की मौजूदा सीटें घटाए बिना महिलाओं के लिए आरक्षण लागू किया जा सकेगा। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के राज्यों ने आशंका जताई थी कि जनसंख्या आधारित परिसीमन से उनका राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है। राज्यों के बीच सीटों के समानुपातिक आवंटन की स्पष्ट कानूनी गारंटी नहीं होने को लेकर भी सवाल उठे थे।
30 नवंबर से शुरू होगा विशेष सत्र
प्रस्तावित विधेयक को संसद की मंजूरी मिलना अभी बाकी है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के चार दिवसीय विशेष सत्र में इस पर चर्चा और आगे की कार्रवाई होने की संभावना है। यदि विधेयक पारित होता है, तो लोकसभा की संरचना, राज्यों का प्रतिनिधित्व और देश का चुनावी गणित बड़े स्तर पर बदल सकता है।
फिलहाल 816 और 824 सीटों के आंकड़े प्रस्तावित फॉर्मूले पर आधारित अनुमान हैं। अंतिम संख्या विधेयक के प्रावधानों, संसद की मंजूरी और परिसीमन की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।



