महिला आरक्षण और परिसीमन पर केंद्र का बड़ा दांव, लोकसभा की सीटें 850 और विधानसभा की 650 तक करने का प्रस्ताव

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी दे दी गई। प्रस्ताव में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ निर्वाचन क्षेत्रों के नए सिरे से परिसीमन का प्रावधान किया गया है।
सरकार की योजना के मुताबिक, परिसीमन और विधायी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है। इसके लिए संसद के विशेष सत्र में तीन संबंधित विधेयक लाने की तैयारी है।
लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव
प्रस्तावित संविधान संशोधन में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने का प्रावधान है। इसके तहत लोकसभा और प्रत्येक राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभा में वर्तमान सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित है। सरकार का तर्क है कि इससे महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के साथ सदनों में प्रतिनिधित्व का दायरा भी बढ़ेगा।
2051 तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने की तैयारी
विधेयक में संविधान के अनुच्छेद 81 में संशोधन का प्रस्ताव है। इसके तहत लोकसभा में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिलने वाली सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक स्थिर रखा जाएगा। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर सुरक्षित रहेगा, जबकि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर नए सिरे से तय की जाएंगी।
सरकार का उद्देश्य उन राज्यों के प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखना है, जिन्होंने जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने में बेहतर प्रदर्शन किया है। इस व्यवस्था से दक्षिण भारत के राज्यों की ओर से उठाई जा रही प्रतिनिधित्व संबंधी चिंताओं को भी दूर करने का प्रयास किया गया है।
तीन विधेयकों के जरिए पूरी होगी परिसीमन की प्रक्रिया
सरकारी सूत्रों के अनुसार, महिला आरक्षण और परिसीमन को लागू करने के लिए तीन विधायी प्रस्ताव लाए जाएंगे।
- संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026: लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तथा सीटों की संख्या बढ़ाने से जुड़ी संवैधानिक व्यवस्था।
- परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026: परिसीमन आयोग का गठन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण।
- केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित विधेयक: दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी जैसे विधानसभा वाले केंद्र शासित प्रदेशों में सीटों की संख्या और परिसीमन की व्यवस्था।
संसद से संबंधित विधेयकों को मंजूरी मिलने के बाद परिसीमन आयोग गठित किया जाएगा। आयोग निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की प्रक्रिया पूरी करेगा।
15 साल तक मिलेगा महिलाओं को आरक्षण, हर तीसरे कार्यकाल के बाद बदलेंगी सीटें
प्रस्तावित व्यवस्था में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित रखने का प्रावधान है। आरक्षण की अवधि 15 वर्ष प्रस्तावित की गई है। आरक्षित सीटों का आवंटन अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में रोटेशन के आधार पर किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक तीसरे कार्यकाल के बाद आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में बदलाव किया जाएगा। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को भी संबंधित आरक्षित सीटों के भीतर आरक्षण का लाभ मिलेगा।
राष्ट्रपति चुनाव में मतों का मूल्य बनाए रखने के लिए अलग विधेयक
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति चुनाव में मतों के मौजूदा मूल्य को बरकरार रखने के उद्देश्य से सरकार एक अलग विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। इसका संबंध लोकसभा और विधानसभाओं की सदस्य संख्या में प्रस्तावित वृद्धि के बाद राष्ट्रपति चुनाव की मौजूदा मतदान व्यवस्था को बनाए रखने से है।
पहले भी पेश हुआ था 131वां संविधान संशोधन विधेयक
इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पेश किया था, लेकिन लोकसभा में इसे पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था। उस प्रस्ताव में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मौजूदा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान शामिल नहीं था।
सरकार अब पुराने प्रस्ताव में बदलाव करते हुए नया संविधान (132वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक लाने जा रही है। पुराने प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राज्यों के बीच जनसंख्या वृद्धि में अंतर और लोकसभा में उनके प्रतिनिधित्व पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर चिंताएं सामने आई थीं। नए प्रस्ताव में इन्हीं चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सीटों का अनुपात सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र, 3 दिसंबर तक चल सकती है बैठक
केंद्र सरकार के अनुरोध पर संसद के दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाई गई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। संसद की यह विशेष बैठक 3 दिसंबर तक चल सकती है। इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को सदन में पेश किए जाने की संभावना है।
अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र पर है। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी। इसके साथ ही संविधान के संघीय प्रावधानों में संशोधन के कारण कम से कम आधे राज्यों की विधानसभाओं से अनुमोदन भी जरूरी होगा। विधेयकों को मंजूरी मिलने के बाद ही परिसीमन आयोग के गठन और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। सरकार का लक्ष्य इसी प्रक्रिया के माध्यम से 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ देना है।



