रायपुर संभाग

सीएम साय आज बलरामपुर-रामानुजगंज को देंगे 71.48 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, बाल विवाह मुक्ति रथ का भी होगा शुभारंभ

सुखदेव भगत भिलाई में लेंगे कांग्रेस की संगठनात्मक बैठकें, नर्सिंग की रिक्त सीटों पर आज से आवेदन; सरगुजा ओलंपिक का आगाज भी आज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज महासमुंद और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के साथ विकास कार्यों की सौगात देंगे। वहीं प्रदेश में बाल विवाह के खिलाफ 100 दिवसीय अभियान की शुरुआत होगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत भिलाई में संगठनात्मक बैठकें लेंगे। इसके अलावा नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया और संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का आयोजन भी आज से शुरू होगा।

बलरामपुर-रामानुजगंज में 71.48 करोड़ के 694 कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10:45 बजे रायपुर से रवाना होकर महासमुंद जिले के बसना पहुंचेंगे। यहां गढ़फुलझर स्थित कार सेवा नानक सागर साहिब में सुबह 11:45 से दोपहर 12:45 बजे तक आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल होंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर पहुंचेंगे। यहां दोपहर 2:35 बजे से आयोजित करमा महोत्सव और मेगा हेल्थ कैंप में शामिल होंगे। इस दौरान क्षेत्रवासियों को 71.48 करोड़ रुपये की लागत वाले 694 विकास कार्यों की सौगात देंगे।

इनमें 54.20 करोड़ रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन और 17.27 करोड़ रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री 100 बिस्तरों वाले रामानुजगंज सिविल अस्पताल में डायलिसिस यूनिट का भी शुभारंभ करेंगे। उनका शाम 5:05 बजे रायपुर लौटने का कार्यक्रम है।

सुखदेव भगत आज लेंगे कांग्रेस की संगठनात्मक बैठकें

दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत आज भिलाई में संगठनात्मक बैठकें करेंगे। दोपहर 2 बजे वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:45 बजे भिलाई-चरौदा नगर निगम और जामुल नगर पंचायत के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।

बैठक में वह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे भिलाई और रिसाली नगर निगम क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाम 7:25 बजे दुर्ग रेलवे स्टेशन से झारखंड के लिए रवाना होंगे।

बाल विवाह के खिलाफ 100 दिवसीय अभियान का आगाज

बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के विरुद्ध प्रदेश में व्यापक जन-जागरण अभियान शुरू किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस और ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग 27 नवंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगा।

दोपहर 12 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होने वाले इस कार्यक्रम में ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को रवाना किया जाएगा। इसी के साथ 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ का शुभारंभ भी होगा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि होंगी, जबकि कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अध्यक्षता करेंगे।

नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों के लिए आज से आवेदन

प्रवेश वर्ष 2026 के तहत प्रदेश के चार नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए स्ट्रे राउंड काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर को सुबह 11 बजे से 28 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करना सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होगा।

इस चरण में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। आवेदनों की जांच और प्रवेश की प्रक्रिया 29 से 30 नवंबर तक पूरी की जाएगी।

पिछले संयुक्त मॉपअप चरण के बाद बची रिक्त सीटों के संवर्ग और श्रेणी में प्रवेश नियमों के अनुसार बदलाव किया गया है। इसके तहत आरक्षित वर्ग की सभी शेष रिक्त सीटों को ‘अनारक्षित बिना संवर्ग’ में परिवर्तित किया गया है। वहीं शासकीय नर्सिंग महाविद्यालयों की सभी रिक्त सीटें ‘अनारक्षित महिला संवर्ग’ की होंगी।

राज्य शासन की अनुमति के बाद बीएससी नर्सिंग में 10 परसेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी। काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़ी जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।

संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का शुभारंभ आज

खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संभाग स्तरीय ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जिला प्रशासन सरगुजा के संयुक्त तत्वावधान में 27 नवंबर को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में शुभारंभ समारोह होगा।

कार्यक्रम 10:45 बजे से आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे। आयोजन में मंत्री रामविचार नेताम भी शामिल होंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!