रायपुर संभाग

आसमान में सजी सुरों की महफिल, सोनू निगम ने फ्लाइट में छेड़े नगमे; ‘बिजुरिया’ और ‘कल हो न हो’ से झूम उठे यात्री

यात्रियों की फरमाइश पर मशहूर गायक ने दी शानदार प्रस्तुति, अचानक मिले म्यूजिकल सरप्राइज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल; एम्स के ओरियाना फेस्ट में प्रस्तुति देने पहुंचे थे सोनू निगम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // हवाई सफर के दौरान आमतौर पर यात्रियों को मंजिल तक पहुंचने का इंतजार रहता है, लेकिन रायपुर से मुंबई जा रहे यात्रियों के लिए यह सफर जिंदगीभर की याद बन गया। वजह बने मशहूर पार्श्व गायक सोनू निगम, जिन्होंने आसमान में उड़ती फ्लाइट के भीतर ही अपने सुरों का जादू बिखेर दिया। यात्रियों की फरमाइश पर उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी तो पूरा माहौल संगीतमय हो गया। अचानक मिले इस खास सरप्राइज से यात्री रोमांचित हो उठे और इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फ्लाइट में सजा सोनू निगम का म्यूजिकल कॉन्सर्ट

जानकारी के मुताबिक, सोनू निगम रायपुर से मुंबई जा रही फ्लाइट में सफर कर रहे थे। इसी दौरान यात्रियों ने उनसे अपने पसंदीदा गाने सुनाने की फरमाइश की। सोनू निगम ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’, ‘कल हो न हो’ और ‘बिजुरिया’ जैसे लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया। उनकी सुरीली आवाज सुनकर यात्री भी उत्साहित हो गए और कई लोग साथ-साथ गुनगुनाते नजर आए।

यात्रियों के लिए यादगार बन गया सफर

हजारों फीट की ऊंचाई पर अचानक अपने पसंदीदा गायक को लाइव गाते सुनना यात्रियों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं था। फ्लाइट में मौजूद लोगों ने इस अनूठे अनुभव का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा किया। देखते ही देखते यह वीडियो चर्चा में आ गया। यात्रियों के लिए मुंबई तक का सफर इस बार सिर्फ हवाई यात्रा नहीं, बल्कि संगीत से सजा एक यादगार अनुभव बन गया।

रायपुर के ओरियाना फेस्ट में प्रस्तुति देने पहुंचे थे गायक

गौरतलब है कि सोनू निगम रायपुर में आयोजित एम्स के ओरियाना फेस्ट में अपनी प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम में सुरों का जादू बिखेरने के बाद वह अगले दिन मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान रायपुर-मुंबई फ्लाइट में यात्रियों को उनके साथ सफर करने और उनके गीतों का लाइव आनंद लेने का अनोखा मौका मिल गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!