मध्यप्रदेश के 35 लाख छात्रों को बड़ी राहत, अब DigiLocker पर मिलेंगी अटकी मार्कशीट और डिग्रियां

2021 से 2025 के बीच स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ, केंद्र सरकार ने हटाई शैक्षणिक वर्ष की समय-सीमा की बाध्यता
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब स्नातक (UG) की मार्कशीट और डिग्री हासिल करने के लिए छात्रों को विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केंद्र सरकार ने शैक्षणिक वर्ष से जुड़ी समय-सीमा की बाध्यता समाप्त कर दी है। इसके बाद राष्ट्रीय अकादमिक निक्षेपागार (NAD)-डिजीलॉकर और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (ABC) पोर्टल को दोबारा खोल दिया गया है। इससे वर्षों से अटके शैक्षणिक दस्तावेजों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो गया है।
2021 से 2025 के बीच पास छात्रों को फायदा
इस फैसले से मध्यप्रदेश के वर्ष 2021 से 2025 के बीच स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाले लगभग 30 से 35 लाख विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अब संबंधित विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों द्वारा अपलोड किए जाने के बाद विद्यार्थियों की मार्कशीट और डिग्रियां डिजीलॉकर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे उच्च शिक्षा, नौकरी और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं के लिए दस्तावेज हासिल करने में होने वाली परेशानी कम होगी।
NAD-डिजीलॉकर और ABC पोर्टल फिर शुरू
समय-सीमा की बाध्यता हटाए जाने के बाद एनएडी-डिजीलॉकर और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स पोर्टल को फिर से सक्रिय किया गया है। इन प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने, प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने और उनके सत्यापन की प्रक्रिया आसान होगी।
डिजिटल दस्तावेजों से नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि विद्यार्थियों को मार्कशीट और डिग्री की प्रतियां प्राप्त करने के लिए बार-बार विश्वविद्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हालांकि, दस्तावेजों की उपलब्धता संबंधित विश्वविद्यालयों और संस्थानों की ओर से रिकॉर्ड अपलोड किए जाने पर निर्भर करेगी।



