मां को अंतिम विदाई देते हुए भावुक हुए CM योगी, छलक पड़े आंसू; हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

91 वर्षीय सावित्री देवी के निधन से पैतृक गांव पंचूर में शोक, मुख्यमंत्री ने पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
लखनऊ / पंचूर ( शिखर दर्शन ) // उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में मां की पार्थिव देह के सामने पहुंचते ही उनकी आंखें नम हो गईं। मुख्यमंत्री ने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस भावुक क्षण में परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों की आंखें भी छलक पड़ीं।
91 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार को पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास पर निधन हो गया था। वह लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। मां के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड पहुंचे थे।
मां की पार्थिव देह देखकर खुद को संभाल नहीं पाए योगी
शनिवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सार्वजनिक जीवन में कठोर और अनुशासित छवि रखने वाले मुख्यमंत्री इस दौरान भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। मां को अंतिम विदाई देते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
पंचूर से हरिद्वार ले जाया गया पार्थिव शरीर
सावित्री देवी की पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार ले जाया गया है। उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडी घाट पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
संजय निषाद समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
सावित्री देवी के निधन पर राजनीतिक जगत से भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं। निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद पंचूर पहुंचे और उन्होंने दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने भी योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
शिखर दर्शन परिवार की ओर से दिवंगत सावित्री देवी को विनम्र श्रद्धांजलि एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।

