CM विष्णुदेव साय आज लौटेंगे रायपुर, अभिनेता राहुल बोस भी पहुंचेंगे राजधानी; रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, तीन दिन रद्द रहेंगी ट्रेनें

ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस से लेकर जनजातीय गौरव दिवस तक कई आयोजन, छठ के बाद यात्रियों के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज यानी 21 नवंबर को राजनीतिक, खेल और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से दिन खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे से लौटकर ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल होंगे। वहीं, अभिनेता एवं रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस अस्मिता रग्बी स्टेट लीग में शिरकत करने रायपुर पहुंचेंगे। इसके अलावा जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन होगा। दूसरी ओर, रेलवे ने परिचालन संबंधी कार्यों के चलते कुछ ट्रेनों को रद्द करने और एक ट्रेन को देरी से चलाने की सूचना जारी की है।
दिल्ली दौरे से आज लौटेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे से रायपुर लौटेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे शाम 4:50 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 7 बजे देवेंद्र नगर स्थित बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री रात 9 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
अभिनेता राहुल बोस आज आएंगे रायपुर, अस्मिता रग्बी स्टेट लीग में होंगे शामिल
राजधानी के कोटा स्टेडियम में 21 नवंबर से अस्मिता रग्बी स्टेट लीग का आगाज होगा। इस प्रतियोगिता में अभिनेता और रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ रग्बी एसोसिएशन कर रहा है।
एसोसिएशन के सचिव अयाज अहमद खान के मुताबिक, प्रतियोगिता में महिला एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए अंडर-15 और सीनियर वर्ग की स्पर्धाएं होंगी। इसमें रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, महासमुंद और धमतरी की टीमें हिस्सा लेंगी।
नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते टिटलागढ़-बिलासपुर पैसेंजर तीन दिन रद्द
रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। पूर्व तटीय रेलवे के संबलपुर मंडल के बूंदामल स्टेशन पर फ्लाईओवर लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली कुछ ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 21, 24 और 26 दिसंबर को टिटलागढ़ एवं बिलासपुर से चलने वाली ट्रेन नंबर 58213/58214 टिटलागढ़-बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर रद्द रहेगी। वहीं, 26 दिसंबर को विशाखापत्तनम से रवाना होने वाली ट्रेन नंबर 20807 विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस चार घंटे देरी से चलेगी।
छठ के बाद यात्रियों को राहत, आज से चलेगी रक्सौल-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन
छठ पर्व के बाद दूसरे राज्यों में लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने रक्सौल और चर्लपल्ली के बीच एक-एक फेरे के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और गोंदिया स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, रक्सौल-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन 21 नवंबर को रक्सौल से शाम 4:55 बजे रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 3:22 बजे रायगढ़, शाम 5:10 बजे बिलासपुर, शाम 6:50 बजे रायपुर और शाम 7:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
वापसी में चर्लपल्ली-रक्सौल स्पेशल ट्रेन 23 नवंबर को रात 10 बजे चर्लपल्ली से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 9:30 बजे गोंदिया, 11:15 बजे राजनांदगांव, 11:50 बजे दुर्ग, दोपहर 12:40 बजे रायपुर और दोपहर 2:45 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
रायपुर में आज जनजातीय गौरव दिवस समारोह, वीरांगना शौर्य उत्सव का ग्रैंड फिनाले
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 21 नवंबर को रायपुर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम होगा।
इस अवसर पर नारी शक्ति की प्रतिभा और साहस को समर्पित ‘वीरांगना शौर्य उत्सव’ का ग्रैंड फिनाले भी आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सेवा महाकुंभ के तहत रक्तदान, पुस्तक दान, स्टेशनरी संग्रह, कपड़े और खिलौने दान सहित देहदान एवं अंगदान जैसे सामाजिक सेवा कार्यों में भागीदारी का अवसर मिलेगा।



