छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ धान तिहार, उपार्जन केंद्रों में उमड़े किसान, कहीं उत्साह तो कहीं फसल नुकसान की चिंता

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में रविवार, 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो गया है। प्रदेशभर में धान उपार्जन केंद्रों में सुबह से ही किसानों की आवाजाही शुरू हो गई। अपनी मेहनत की फसल लेकर पहुंचे किसानों में धान बेचने को लेकर उत्साह नजर आया। कई केंद्रों में पूजा-अर्चना के बाद खरीदी की शुरुआत की गई। इस बार खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटों से तौल, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और किसानों के लिए पेयजल, छाया तथा बैठने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में धान खरीदी के पहले दिन उत्साह का माहौल देखने को मिला। हालांकि, कहीं-कहीं अर्नब तूफान के कारण हुई बारिश और फसल को पहुंचे नुकसान ने किसानों की चिंता भी बढ़ाई है।
धमतरी में 108 उपार्जन केंद्रों पर खरीदी शुरू, 1.31 लाख किसान पंजीकृत
धमतरी जिले में इस वर्ष कुल 108 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। जिले के लगभग 1 लाख 31 हजार पंजीकृत किसान इन केंद्रों के माध्यम से अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे।
खरीदी के पहले दिन सुबह से ही विभिन्न सोसायटियों में पूजा-अर्चना के बाद धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू की गई। उपार्जन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक कांटों से तौल की व्यवस्था की गई है। वहीं, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है।
केंद्रों में तिरपाल, पेयजल और बैठने की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। व्यवस्थाओं को देखकर कई किसान संतुष्ट नजर आए। किसानों का कहना है कि इस बार खरीदी की व्यवस्था पहले की अपेक्षा बेहतर दिखाई दे रही है और धान की तौल भी सही तरीके से की जा रही है। सरकार की ओर से मिलने वाले बोनस को लेकर भी किसानों ने खुशी जाहिर की।
बेहतर बारदाना और फसल नुकसान के मुआवजे की उठी मांग
धान खरीदी के बीच किसानों ने प्रशासन के सामने कुछ समस्याएं भी रखीं। किसानों ने बेहतर गुणवत्ता वाले नए बारदाने उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि धान भरने और परिवहन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं, अर्नब तूफान के प्रभाव से हुई बारिश ने कई किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश के कारण कुछ किसानों की कटी हुई फसल भीग गई, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में किसानों ने फसल क्षति का उचित आकलन और राहत मिलने की उम्मीद जताई है। इसके बावजूद समर्थन मूल्य पर खरीदी और सरकार से मिलने वाले बोनस को लेकर किसानों में उत्साह बना हुआ है।
बालोद के 130 केंद्रों में पहले दिन खरीदी शुरू, 848 किसानों ने कटवाया टोकन
बालोद जिले में भी धान खरीदी के पहले दिन अच्छी गतिविधियां देखने को मिलीं। जिले में कुल 161 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 130 केंद्रों पर रविवार से खरीदी की शुरुआत हुई।
इन केंद्रों में धान बेचने के लिए पहले दिन 848 किसानों ने टोकन कटवाया है। इन किसानों ने कुल 30 हजार 774 क्विंटल 60 किलोग्राम धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त किया है।
प्रशासन की ओर से उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, शौचालय, बारदाना और तौल सहित आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। व्यवस्थाओं को लेकर जिले के किसानों में उत्साह देखा गया।
3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी
गौरतलब है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने की घोषणा की गई है। वहीं, प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा।
प्रदेशभर में 3100 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की व्यवस्था की गई है, जबकि इस वर्ष 360 नए केंद्र भी शुरू किए गए हैं। धान खरीदी का यह अभियान प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आर्थिक स्थिति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तस्वीरों में देखिए धान तिहार की झलक…








