दुर्ग संभाग

सरकारी रिकॉर्ड में जिंदा बुजुर्ग महिला को बताया मृत ! राशन-पेंशन बंद, 90 साल की खोरबहरीन बाई लगा रही न्याय की गुहार

बेमेतरा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में सरकारी सिस्टम की लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम बदनारा में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला खोरबहरीन बाई मानिकपुरी को सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि वह जीवित हैं। सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज होते ही उनका राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य शासकीय सुविधाएं बंद हो गईं। जीवन के इस पड़ाव पर सरकारी योजनाओं के सहारे गुजर-बसर कर रही बुजुर्ग महिला और उनका परिवार अब परेशानियों से जूझ रहा है।

परिजनों के मुताबिक, खोरबहरीन बाई के जीवनयापन का प्रमुख आधार सरकारी राशन और वृद्धावस्था पेंशन थी। इसी से घर का खर्च चलाने के साथ दवाइयों और अन्य जरूरी आवश्यकताओं की पूर्ति होती थी। लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज किए जाने के बाद उनकी सुविधाएं अचानक बंद हो गईं। परिवार का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए कई दिनों से संबंधित सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ने पहुंचकर जाना हाल

मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ग्राम बदनारा पहुंचे और 90 वर्षीय खोरबहरीन बाई मानिकपुरी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने परिजनों से पूरे मामले की जानकारी भी ली।

पूर्व विधायक ने कहा कि किसी जीवित व्यक्ति को सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित कर देना बेहद गंभीर लापरवाही है। यह महज कागजी गलती नहीं, बल्कि एक बुजुर्ग महिला के साथ अन्याय है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की तत्काल जांच कराई जाए और महिला का नाम सरकारी रिकॉर्ड में पुनः जीवित दर्ज किया जाए। साथ ही उनका राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन और अन्य शासकीय सुविधाएं तत्काल बहाल की जाएं। जिन महीनों का राशन और पेंशन उन्हें नहीं मिल पाया है, उसका बकाया लाभ भी दिलाया जाए। इसके अलावा इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों में नाराजगी, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग

इस मामले को लेकर ग्रामवासियों में भी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि एक 90 वर्षीय जीवित महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत बताकर बुनियादी सुविधाओं से वंचित किया जा सकता है, तो भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रिकॉर्ड में सुधार किया जाए और बुजुर्ग महिला को उनकी सभी पात्र शासकीय सुविधाओं का लाभ दिलाया जाए।

फिलहाल ग्राम बदनारा के ग्रामीणों और पीड़ित परिवार की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक जीवित बुजुर्ग महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत किस आधार पर दर्ज किया गया और इस गलती को सुधारने में इतना समय क्यों लग रहा है? अब देखना होगा कि प्रशासन खोरबहरीन बाई को उनका हक कब तक वापस दिलाता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!